अयोध्या: अयोध्या के मिल्कीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में 157 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 155 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देने के साथ उपहार और प्रमाणपत्र भेंट किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभानु पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह के लिए 185 पात्र जोड़ों का चयन किया गया था, जिनमें से 157 का विवाह संपन्न हुआ। सांस्कृतिक कलाकार विवेक पांडेय की टीम ने मांगलिक गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने की, जबकि संचालन हरिओम पांडेय ने किया। विधायक चंद्रभानु पासवान ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बेटियों का विवाह परिवार पर आर्थिक बोझ न बने, इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत बिना किसी भेदभाव के विभिन्न वर्गों के पात्र जोड़ों का विवाह कराया जाता है। नवदंपतियों को गृहस्थी शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता और उपहार भी दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 60 हजार रुपये नकद सहायता और 25 हजार रुपये के उपहार दिए जाते हैं, जबकि 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं। योजना का लाभ विशेष रूप से गरीब और वंचित परिवारों को मिल रहा है। समारोह में रायपट्टी लवंगीतारा गांव की पिंकी और हूंसेपुर गांव के आशीष ने भी वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। दोनों दिव्यांग हैं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। अग्नि को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे लिए और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह के दौरान दोनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। परिजनों ने नवदंपति को आशीर्वाद देकर सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञा पांडेय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, बीडीओ मिल्कीपुर हरिश्चंद्र सिंह, बीडीओ हैरिंग्टनगंज रूप नरायन भारती, बीडीओ अमानीगंज सूर्य प्रकाश मिश्रा, एडीओ पंचायत सुरेंद्र कुमार राव, एडीओ समाज कल्याण भूपेश तिवारी, ऊषा रानी शर्मा, विवेक कुमार सिंह, भाजपा नेता श्याम नारायण पाठक, अशोक मिश्र, सरजू दूबे, जनार्दन मौर्य, ब्रह्म प्रकाश शुक्ल और सर्वजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, परिजन और गणमान्य लोग मौजूद रहे।