अयोध्या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पछियाना, तारुन में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में चिकित्सक डॉ. विशाल शुक्ला ने मरीजों की जांच कर उपचार किया। दोपहर तक कुल 36 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। मेले में कन्हैयालाल तेज बुखार, इंसाफ अली जोड़ों में दर्द, प्रतिभा चोट लगने, उषा और प्रमोद सिंह बुखार, अजय टाइफाइड तथा ऋषभ पांडे दांत में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने जांच के बाद सभी का उपचार किया। इसके अलावा सर्दी-जुकाम, पेट दर्द और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भी चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। डॉ. विशाल शुक्ला ने बताया कि मेले में बुखार और जोड़ों में दर्द की शिकायत वाले मरीजों की संख्या अधिक रही। मरीजों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं।