अयोध्या में तारुन क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहसीपुर के मजरे चौहान का पूरा में रविवार तड़के करीब तीन बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना मिलते ही गोसाईगंज विधायक अभय सिंह के प्रतिनिधि भगवान बक्स सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को मदद उपलब्ध कराई। आग में भानु प्रताप चौहान का पूरा घर जलकर खाक हो गया और भैंस बेचकर रखे गए 22 हजार रुपये भी जल गए। ग्रामीणों ने बताया कि भानु प्रताप चौहान ने लकड़ी का ढांचा खड़ा कर उसके ऊपर चद्दर डालकर घर बनाया था। घर के पीछे पशुओं के लिए छप्पर पड़ा था, जिसके किनारे घास-फूस की टाटी लगी थी। रविवार तड़के करीब तीन बजे धुआं उठता देखकर परिजनों की नींद खुली। तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। परिजनों ने किसी तरह पशुओं के गले में बंधी रस्सियां काटकर उन्हें बाहर निकाला। आग में घर में रखा राशन, बिस्तर, चारपाई, कपड़े समेत गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। भैंस बेचकर रखे गए 22 हजार रुपये भी आग में जल गए। आग की चपेट में आने से पड़ोसी जगदंबा चौहान के घर का भी कुछ हिस्सा जल गया। विधायक प्रतिनिधि भगवान बक्स सिंह ने पीड़ित परिवार को राशन और कपड़े उपलब्ध कराए।प्रतिनिधि व समाजसेवी भारत वर्मा ने तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी देकर पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता दिलाने की मांग की।