अयोध्या: अयोध्या के तारुन में श्री बजरंग रामलीला समिति खेमीपुर निधियावां के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में कलाकारों ने भरत मिलाप और शूर्पणखा प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया। भरत-राम के मिलन का दृश्य देखकर दर्शक भाव-विभोर हो उठे, वहीं शूर्पणखा की नाक काटने के प्रसंग पर पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। लीला में दिखाया गया कि भरत अपने भाई शत्रुघ्न, तीनों माताओं, गुरु वशिष्ठ और अयोध्या की प्रजा के साथ भगवान राम को मनाने चित्रकूट पहुंचते हैं। भरत बार-बार राम से अयोध्या लौटने का आग्रह करते हैं, लेकिन पिता के वचन का पालन करने के लिए प्रभु राम वनवास पूरा करने का संकल्प दोहराते हैं। अंत में भरत उनकी चरण पादुकाएं लेकर अयोध्या लौटते हैं और नंदीग्राम में तपस्वी जीवन व्यतीत करते हुए राजकाज संभालते हैं। इसके बाद पंचवटी में शूर्पणखा के विवाह प्रस्ताव, लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक-कान काटने, खर-दूषण वध और रावण-मारीच प्रसंग का मंचन हुआ। अंत में स्वर्ण मृग के बहाने सीता हरण का दृश्य दिखाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्मृति सिंह, अर्जुन यादव, राजकुमार जायसवाल सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।