अयोध्या: अयोध्या में गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के जयसिंहमऊ गांव में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से पंचायत उत्सव भवन (बारात घर) बनाया जाएगा। बृहस्पतिवार को तारुन-रसूलाबाद मार्ग पर प्रस्तावित भवन का विधायक अभय सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। भवन बनने से ग्रामीणों को शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। विधायक अभय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस योजना का उद्देश्य गरीब, मजदूर और किसान परिवारों को कम खर्च में मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन की सुविधा देना है। पंचायत उत्सव भवन बनने से लोगों को शादी-विवाह के लिए महंगे स्थानों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। विवाह दो परिवारों और संस्कारों का मिलन है। ऐसे भवन गांव की खुशियों और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देंगे। ब्लॉक प्रमुख फयाराम वर्मा ने कहा कि सरकार की योजना अब धरातल पर उतर रही है। इससे ग्रामीणों को गांव में ही मांगलिक कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी। ग्राम प्रशासक संदीप वर्मा ने बताया कि जिले की चार ग्राम पंचायतों में पंचायत उत्सव भवन बनाए जाने हैं, जिनमें जयसिंहमऊ का भी चयन हुआ है। ग्राम समाज की 3000 वर्ग मीटर भूमि पर दो मंजिला भवन बनेगा। इसमें 100 लोगों की क्षमता वाला एसी हॉल, पांच कमरे, दिव्यांग कक्ष, रसोई, शौचालय और पार्किंग की सुविधा होगी। भवन की जमीन नवनिर्मित 84 कोसी परिक्रमा मार्ग से सटी है। इस मौके पर राकेश सिंह टिकरी, प्रहलाद वर्मा, राम नेवल वर्मा, राजेंद्र वर्मा, ग्राम प्रधान राजेंद्र पटेल, महेश मिश्रा, घनश्याम चौरसिया, देवी प्रसाद मौर्य, राधेश्याम वर्मा समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।