लगातार हो रही बारिश और तेज हवाएं लोगों के लिए आफत बन गई हैं। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है, वहीं पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। जिले के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ धराशायी हो गए। कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार टूटने से आपूर्ति बाधित हुई। कटेहरी क्षेत्र के अशरफपुर बरवां स्थित पीएचसी परिसर में भी विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से बिजली की तारें टूटकर लटक गईं और खंभा भी झुक गया। हालांकि अस्पताल भवन सुरक्षित रहा और बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश से खेतों में खड़ी धान समेत अन्य फसलों को नुकसान की आशंका है। कई स्थानों पर फसलें खेतों में गिर गई हैं और जलभराव के कारण किसानों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों पर भी पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। वहीं अधिकारियों को भी अति आवश्यक होने पर ही फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए गए हैं।