अहिरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास बृहस्पतिवार सुबह वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से मुरीदपुर की सास-बहू की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हलचल मच गई। रेलवे पुलिस और अहिरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने दोनों की पहचान सास-बहू के रूप में की है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उनके नाम का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। दोनों महिलाओं को वनराजा समुदाय का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों घोंघा बीनने के लिए रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची थीं। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर ग्राम प्रधान, कोटेदार और स्थानीय लोगों को बुलाकर दोनों महिलाओं की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही मृतकों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।