अंबेडकरनगर में बैंक कर्मचारियों की शुक्रवार को हुई देशव्यापी हड़ताल से जिले में बैंकिंग लेनदेन प्रभावित हुआ। जिले की लगभग 200 बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहा। वहीं दूसरे शनिवार और रविवार के अवकाश के आज और कल भी बैंक बंद रहेंगी। इससे लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। संयुक्त बैंक कर्मचारी मंच के आह्वान पर बैंक अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए। टांडा मार्ग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा परिसर में भी बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों आशुतोष सिंह, अरुण तिवारी और अजय मौर्य ने कहा कि मार्च 2024 के वेतन समझौते में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की संख्या कम होने के बीच कार्यभार और व्यावसायिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था से कर्मचारियों के कार्य और निजी जीवन में बेहतर संतुलन बनेगा तथा बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। साथ ही कार्य-प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना को पारदर्शी और सभी कर्मचारियों के हितों के अनुरूप बनाने की मांग की गई। हड़ताल के कारण जिले में बैंकिंग कार्य प्रभावित रहने से नकदी जमा-निकासी, चेक निस्तारण और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ा। बैंक कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।