आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के शाहदरा में कैंसर से पीड़ित महिला की मौत के बाद सोमवार रात उसके ससुराल में जमकर बवाल हुआ। अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट के बाद पथराव किया गया। घटना में कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। शाहदरा निवासी धर्मवीर की पत्नी मधु देवी कैंसर से एक साल से पीड़ित थीं। उन्होंने बताया कि करीब एक साल से एसएन मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार चल रहा था। सोमवार शाम मधु ने घर पर दम तोड़ दिया। परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे। धर्मवीर का आरोप है कि रात करीब आठ बजे मधु के मायके से विनोद, छोटू और ललित समेत करीब 20 लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आते ही लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार के लोग संभल नहीं सके। इसके बाद आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया। घर और आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। पथराव में ससुराल पक्ष के कई लोगों के चोटें आईं। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर स्थिति शांत हुई। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा का कहना है कि मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी