आगरा के फतेहाबाद में फिरोजाबाद मार्ग पर शुक्रवार शाम को तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप मैक्स में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप ट्रेलर में बुरी तरह से फंस गई। इसके बावजूद चालक ने ब्रेक नहीं लगाए। उसे स्पीड बढ़ा दी। अनियंत्रित तरीके से ले जाने लगा। पिकअप भी उसके साथ घिसटने लगी। यह दृश्य आसपास से गुजर रहे वाहन में बैठे लोगों और राहगीरों ने भी देखा। करीबन तीन किलोमीटर तक चालक ट्रेलर दौड़ाता रहा। ट्रेलर ने एचएस हाॅस्पिटल के सामने खड़ी एंबुलेंस और फिर सवारियों से भरे ऑटो में टक्कर मार दी। इससे चीखपुकार मच गई। टक्कर से ऑटो सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में ऑटो चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसा बजे 7 बजे करीब हुआ। पुलिस के मुताबिक, हारकापुरा निवासी जितेंद्र की दूध की पिकअप मैक्स शुक्रवार शाम करीब सात बजे फतेहाबाद फिरोजाबाद मार्ग स्थित फिरोजाबाद चौराहे पर सड़क किनारे खड़ी थी। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसमें टक्कर मार दी। पिकअप ट्रेलर में फंस गई और चालक उसे घसीटता हुआ आगे ले गया। एचएस हाॅस्पिटल के सामने ट्रेलर ने खड़ी एंबुलेंस में टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद ट्रेलर ने फिरोजाबाद जा रहे ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो चालक रामलक्षिन पुत्र गीतम सिंह निवासी छारबाग, एके टॉकीज थाना लाइनपार, फिरोजाबाद तथा ऑटो में सवार एहसान पुत्र सम्मू और साहिल पुत्र एजाज निवासी नूर नगर, थाना रामगढ़, फिरोजाबाद घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने वाहनों से ट्रेलर का पीछा किया और चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। नगला लोहिया के पास टोल प्लाजा के 27 नंबर कट पर मैक्स पिकअप डिवाइडर से टकराकर फंस गई। इसके बाद ट्रेलर चालक टोल प्लाजा के बूम तोड़कर एक्सप्रेस-वे पर चढ़ गया और लखनऊ की ओर भाग गया। ट्रेलर में फंसी पिकअप से सड़क पर चिंगारियां निकलती रहीं। गनीमत रही इस दौरान कई वाहन और ग्रामीण बाल-बाल बच गए। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।