आगरा के फतेहपुर सीकरी में थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर में रविवार सुबह खेत की मेड़ पर युवा किसान का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर झुलसने और चोट के निशान पाए गए हैं। परिजन ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रसूलपुर निवासी सुभाष चंद्र (27) पुत्र बाबूलाल शनिवार रात अपने खेत पर सब्जी की फसल की रखवाली करने गया था। परिजन ने पुलिस को बताया सुभाष रोजाना खेत में बनी झोपड़ी में ही सोता था। रविवार सुबह जब उसका बड़ा भाई गोविंद खेत पर पहुंचा, तो उसने मेड़ के पास सुभाष का अर्धनग्न शव पड़ा देखा। उसने परिजन व पुलिस को सूचना दी। युवा किसान की माैत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।