आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान के दाैरान किशनी में जमकर हंगामा हुआ। सपा विधायक मतदान स्थल पर ही धरने पर बैठ गए। एसडीएम के काफी समझाने पर ही वो माने। विकासखंड किशनी स्थित सभागार में बनाए गए तीन बूथों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक चला। मतदान के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। सुबह करीब दस बजे मतदान स्थल पर आने-जाने को लेकर भाजपा एजेंट और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष अनुराग पांडेय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राहुल राठौर ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। कुछ देर बाद स्थानीय सपा विधायक बृजेश कठेरिया भी अपने समर्थकों के साथ मतदान स्थल पर पहुंचे और नाराजगी जताई। उन्होंने मतदान स्थल पर लोगों के प्रवेश को लेकर आपत्ति व्यक्त की। इस पर मौके पर मौजूद एसडीएम नवनीता राय ने उन्हें समझाते हुए कहा कि मतदान स्थल पर किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसी शिकायत की स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की बात कही। इसके बाद विधायक वहां से चले गए। दोपहर करीब तीन बजे मतदान केंद्र पर उस समय फिर तनाव की स्थिति बन गई, जब समाजवादी पार्टी के चेयरमैन प्रतिनिधि डैनी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके व सपा नगर अध्यक्ष मुकुल यादव के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई कर दी। आरोप की खबर फैलते ही सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ विकास खंड परिसर में जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक गगन गौड़ ने मुख्य द्वार बंद करा दिया। इस बीच विधायक बृजेश कठेरिया, सपा नेत्री सुमन दिवाकर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इंजी. रामपाल यादव और मनोज यादव सहित कई लोग जमीन पर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि भाजपा के कुछ लोग खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में बैठे हुए हैं। मौके पर पहुंचीं एसडीएम नवनीता राय ने विधायक और अन्य लोगों को समझाया तथा आश्वस्त किया कि खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं है। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ता सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। थाना प्रभारी ने तत्काल जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलने के बाद 3.40 बजे दोनों अधिकारी दोबारा विकास खंड किशनी पहुंचे।डीएम-एसपी ने मामले की जानकारी ली।