यूपी के फतेहाबाद स्थित थाना निबोहरा क्षेत्र के हीरापुरा गांव निवासी सिपाही आशीष वर्मा (22) ने रविवार को हापुड़ जिले के धौलाना थाने में पहरा ड्यूटी के दौरान अपनी एसएलआर राइफल से गोली मार ली। गोली गले में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। आशीष वर्मा पुत्र त्रिभुवननाथ निवासी हीरापुरा, थाना निबोहरा वर्ष 2025 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उसकी तैनाती हापुड़ जिले के थाना धौलाना में हुई थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह थाने में पहरा ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसने अपनी सरकारी एसएलआर राइफल से गले में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना अधिकारियों को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।