आगरा के फतेहपुर सीकरी में दरगाह हजरत शेख सलीम चिश्ती में रविवार को अजमेर शरीफ के सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती (ख्वाजा गरीब नवाज) की मासिक छठी शरीफ की फातिहा अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। इस दौरान कुरान की तिलावत, फातिहा ख्वानी और शिजरा ख्वानी की रस्में निभाई गईं। इसके बाद पीरजादा सैफ मियां चिश्ती ने दरगाह में गुलपोशी कर मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की। इस मौके पर मौजूद अकीदतमंदों को तबर्रुक वितरित किया गया। पीरजादा सैफ मियां चिश्ती ने बताया कि इस्लामी कैलेंडर के प्रत्येक महीने की छह तारीख को अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर छठी शरीफ मनाई जाती है। इसी परंपरा के तहत दरगाह सलीम चिश्ती में भी विशेष फातिहा का आयोजन किया गया। इस मौके पर एहसान साबरी, हाफिज आलम, अनवर भाई, अब्दुल कदीर, हाजी पप्पू, फहीम भाई, चांद कुरैशी, हनीफ कुरैशी, शानू, मुस्तकीम और आकिब हुसैन सहित बड़ी संख्या में लोग और जायरीन मौजूद रहे।