संजौली बाजार में जल निकासी व्यवस्था बदहाल है। बाजार की अधिकतर नालियां कचरे से जाम पड़ी हैं और उनमें गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे बाजार में गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार में कई जगह नालियों को ढकने के लिए लगाई गई जालियां टूट चुकी हैं, जबकि कई स्थानों पर नालियों में कचरा भरा हुआ है। इसके कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है और गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। नालियों में जमा गंदगी और पानी से बाजार में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भी दिक्कतें हो रही हैं। लोगों ने नगर निगम शिमला से मांग की है कि संजौली बाजार की नालियों की जल्द सफाई करवाई जाए। इसके साथ ही टूटी हुई जालियों को बदला जाए, ताकि जल निकासी सुचारू हो सके और लोगों को गंदगी से राहत मिले।