फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी लोक जनशक्ति पार्टी, नई कार्यकारिणी की सूची प्रभारी को सौंपी

लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि संगठन ने आगामी चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी की पुरानी प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नई कार्यकारिणी की सूची प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र कुदुरिया को सौंप दी गई है। नितिन चौहान के अनुसार, नई कार्यकारिणी पर अंतिम निर्णय दिल्ली में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। मंजूरी मिलने के बाद सूची प्रेस नोट के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। हालांकि, पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन है। ऐसे में सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय केंद्र स्तर पर लिया जाएगा। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में फैसला होगा। नितिन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी बड़ी समस्याओं में से एक है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से युवा परेशान हैं। इसके अलावा किसानों, मजदूरों और महिलाओं से जुड़े मुद्दे भी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे। उन्होंने प्रदेश में नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए कहा कि पार्टी इस समस्या को प्रमुखता से उठाएगी। बिजली और सड़कों से जुड़ी समस्याओं को भी जनता के अहम मुद्दों के रूप में सामने रखा जाएगा। चौहान ने कहा कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में अधिक से अधिक संस्थान और रोजगार उपलब्ध करवाने वाली परियोजनाएं लाई जाएं। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का विशेष ध्यान युवाओं को रोजगार से जोड़ने और नशे की समस्या से निपटने पर रहेगा। इसके साथ ही किसानों, मजदूरों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, हिमाचल में पार्टी का सदस्यता अभियान जारी है और अब तक करीब 1,000 से 1,200 सदस्य संगठन के साथ जुड़ चुके हैं। पार्टी का लक्ष्य आने वाले समय में सदस्यता अभियान के जरिए 10 हजार से 20 हजार तक नए सदस्य जोड़ने का है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन से जुड़े लोग सक्रिय रूप से सदस्यता अभियान चला रहे हैं और नए लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि आने वाले समय में सदस्यता का आंकड़ा और बढ़ेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें