फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भीलवाड़ा: तीन दिन से लापता दो मासूमों के शव खदान में मिले, घर से खेलने निकले थे दोनों बच्चे; डूबने की आशंका

Tue, 06 Oct 2026 10:00 PM IST
भीलवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीलवाड़ा

भीलवाड़ा शहर में तीन दिन से लापता दो 10 वर्षीय बच्चों की तलाश का मंगलवार देर शाम उस समय दर्दनाक अंत हो गया, जब दोनों के शव पालड़ी क्षेत्र में कोठारी नदी के पेटे में पानी से भरी खदान में मिले। दोनों बच्चे चार अक्तूबर की सुबह घर से खेलने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर चार टीमें बनाकर बच्चों की तलाश शुरू की थी। मंगलवार शाम बच्चों के शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाने की कार्रवाई की गई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पानी में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई है। दोपहर में घर से निकले, फिर नहीं लौटे
भीमगंज थाना क्षेत्र के माणिक्यनगर मालियों का बड़ा मंदिर क्षेत्र निवासी दिव्यांशु सोनी उर्फ डुग्गू (10) पुत्र हेमंत सोनी और रजत जाट उर्फ भुंगड़ा (10) चार अक्तूबर को सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच घर से खेलने के लिए निकले थे। दोनों के देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। शाम होने तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन चिंतित हो गए। दोनों बच्चों के अचानक लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। परिजन और रिश्तेदार भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में बच्चों को ढूंढते रहे। सीसीटीवी में साइकिल चलाते नजर आए थे बच्चे
तलाश के दौरान पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच में दोनों बच्चे सांगानेरी गेट के पास एक तीसरे बच्चे के साथ साइकिल चलाते हुए नजर आए। इसके बाद पुलिस टीमों ने बच्चों की संभावित आवाजाही वाले रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस ने बच्चों के दोस्तों, परिचितों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। बच्चों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती गई। पुलिस ने बनाई थीं चार टीमें
बच्चों की गुमशुदगी के बाद पुलिस ने तलाश के लिए चार टीमें गठित की थीं। पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर बच्चों की तलाश कर रही थीं। संभावित रास्तों, तालाबों, नदी क्षेत्र और अन्य स्थानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही थी। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान मंगलवार शाम पालड़ी क्षेत्र में बच्चों के शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
पालड़ी के पास कोठारी नदी के पेटे में पानी से भरी खदान में दो बच्चों के शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शवों को पानी से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की। शव मिलने की सूचना बच्चों के परिजनों को दी गई। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। तीन दिन से बच्चों की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों को जब इस दर्दनाक खबर की जानकारी मिली तो वहां माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कैसे पहुंचे खदान तक, पुलिस तलाश रही जवाब
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दोनों बच्चे घर से निकलने के बाद पालड़ी स्थित खदान तक कैसे पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर बच्चों की अंतिम गतिविधियों की कड़ी जोड़ने में जुटी है। पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चे अकेले यहां पहुंचे थे या उनके साथ कोई अन्य भी था। खुले जलस्रोतों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
दो मासूम बच्चों की मौत की इस घटना ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में खुले पड़े जलस्रोतों तथा पानी से भरी खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के बाद शहर के आसपास कई स्थानों पर खदानों और गहरे गड्ढों में पानी भर गया है। ऐसे स्थानों पर आम लोगों, विशेषकर बच्चों की आवाजाही रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होने की जरूरत है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस बच्चों के घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।   खेलने जा रहे हैं... कहकर निकले दो मासूम, तीन दिन बाद खदान में मिले शव- फोटो : credit   खेलने जा रहे हैं... कहकर निकले दो मासूम, तीन दिन बाद खदान में मिले शव- फोटो : credit  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें