नयागांव में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नए फायर स्टेशन का निर्माण कार्य का काम पिछले 6 महीने बाद भी शुरू नहीं होने पर नाराजगी सामने आई है। 30 मार्च 2026 को पंजाब आम आदमी पार्टी से मौजूदा सरकार में मंत्री रही और मौजूदा खरड़ हल्के से विधायक अनमोल गगन मान ने नयागांव में फायर स्टेशन का शिलान्यास किया था। इस परियोजना के तहत दो आधुनिक फायर ब्रिगेड वाहन उपलब्ध कराए जाने की भी बात कही गई थी। 30 सितंबर को बलजीत सिंह खालसा ने कहा पिछले 6 महीने से अभी तक नयागांव में फायर स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। अगर इलाके में कोई अप्रिय घटना घटित हो जाए आगजनी हो जाए तो आग कैसे बुझेगी। इसलिए फायर ब्रिगेड स्टेशन का समय पर काम न होने से नाराज होकर वहां से शिलान्यास पत्थर उखाड़ दिया और उसे लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने आगे कहा कि केवल शिलान्यास पत्थर लगाने से काम पूरा नहीं होता, बल्कि समय पर निर्माण कार्य शुरू कर उसे पूरा करके दिखाना भी जरूरी होता है। घटना के बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जानकारी मिलने पर नगर परिषद अधिकारियों ने नयागांव थाने में लिखित शिकायत दी। परिषद अधिकारियों का कहना है कि सरकारी परियोजना के शिलान्यास पत्थर को कोई भी व्यक्ति ऐसे ही नहीं उखाड़ सकता। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।