पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी सरकार के ‘स्वास्थ्य और शिक्षा मॉडल’ पर तीखा हमला बोला। चन्नी ने प्रशासनिक बैठकों और कथित जमीनी आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, केंद्रीय फंड के कथित दुरुपयोग और सरकारी स्कूलों की बदहाली के गंभीर आरोप लगाए। चन्नी ने आरोप लगाया कि जालंधर के एक सरकारी अस्पताल में कथित तौर पर ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने से तीन मरीजों की मौत हुई। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम के बजाय मौत की वजह हार्ट अटैक बताकर मामले को दबाने की कोशिश की गई। चन्नी ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।