जालंधर के भार्गव कैंप इलाके से एक युवक का नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से नशीला पदार्थ बरामद होने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो भार्गव कैंप थाना क्षेत्र के बुड्ढा मल पार्क के पास का बताया जा रहा है। इसमें एक युवक बिजली के खंभे का सहारा लेकर खड़े होने की कोशिश करता दिखाई देता है। वह ठीक से संतुलन नहीं बना पा रहा था। स्थानीय युवकों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। पुलिस के अनुसार, वीडियो का संज्ञान लेने के बाद कार्रवाई की गई। युवक की पहचान वरुण, पुत्र रवि कुमार, निवासी भार्गव कैंप के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान उसके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसके आधार पर भार्गव कैंप थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह एक पुराने मामले में कपूरथला जेल में बंद रह चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है।