बेगोवाल थाना क्षेत्र के गांव जैद में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर सोने के आभूषण, 9,800 अमेरिकी डॉलर, 20 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। परिवार के वापस लौटने पर चोरी का पता चला। घर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध चोर वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव लम्मे बेगोवाल निवासी प्रीतम सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को उसका दामाद बिक्रमजीत सिंह, बेटी अंदीप कौर और सास स्वर्ण कौर दोपहर करीब 12 बजे गांव जैद निवासी गोपाल सिंह के घुटने का ऑपरेशन करवाने के लिए जालंधर स्थित ऑर्थोनोवा अस्पताल गए थे। घर को ताला लगाकर चाबियां उन्हें सौंप दी गई थीं। अस्पताल में डॉक्टर ने गोपाल सिंह को भर्ती कर लिया। शिकायत के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे दामाद ने फोन कर चाबियां मांगी और घर लौट आया। मुख्य गेट खोलने पर उसने देखा कि सेंट्रल लॉक टूटा हुआ था। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। सामान की जांच करने पर सोने के आभूषण, 9,800 अमेरिकी डॉलर, 20 हजार रुपये नकद, 10 महंगी घड़ियां, दो व्हिस्की की बोतलें, दो पेन ड्राइव और एक किट बैग गायब मिला।