शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी पर गैंगस्टरों को चुनाव मैदान में उतारने की योजना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में गैंगस्टरों का बोलबाला मौजूदा सरकार की देन है। उन्होंने दावा किया कि अकाली दल की सरकार बनने पर पंजाब से नशे और गैंगस्टरों का सफाया किया जाएगा। सुखबीर बादल सोमवार को जीरा विधानसभा हलके में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने और व्यापारियों व आम लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों को जीरा विधानसभा हलके से टिकट देकर चुनाव लड़ाने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों को बढ़ावा देने के कारण पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है और लोगों में भय का माहौल है।