फिरोजपुर स्थित शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों की विशेष पुलिस महानिदेशक अर्पित शुक्ला ने समस्या सुनीं। इस मौके पर एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू भी थे। पुलिस अधिकारियों ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से खुलकर बातचीत की तथा उनकी समस्याओं, मांगों और परेशानियों को सुना। इस दौरान कैंपस की सुरक्षा, आसपास का माहौल, यातायात व्यवस्था और शैक्षणिक वातावरण से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम तुरंत उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा व सम्मान पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं को नशे और असामाजिक तत्वों से दूर रहकर पढ़ाई व शोध कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों से भी विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में सहयोग जारी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। विद्यार्थियों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में दिक्कत आ रही थी उसे भी हल किया गया।