बच्चों की सेहत और मिड-डे मील की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने सरकारी प्राइमरी स्कूल वजीदपुर में चेकिंग की। इस दौरान मिड-डे मील की तैयारी, स्टोरेज और सफाई व्यवस्था की जांच की गई, जिसमें कई कमियां सामने आईं। चेकिंग के दौरान बच्चों ने बताया कि उन्हें लगातार रोटी के बजाय मुख्य रूप से चावल और खिचड़ी दी जा रही है। स्कूल के स्टोर में सरकारी तौर पर उपलब्ध करवाया गया खाद्य सामान भी अस्वच्छ और अनुचित परिस्थितियों में रखा मिला। इसके अलावा स्कूल के पास फूड सेफ्टी रजिस्ट्रेशन/लाइसेंस संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। मिड-डे मील तैयार करने वाली महिला वर्करों/कुक के आवश्यक मेडिकल प्रमाणपत्र भी मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। विभाग की टीम ने मिड-डे मील व इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य पदार्थों के तीन सैंपल लिए। इनमें खिचड़ी, चावल और हल्दी पाउडर शामिल हैं। सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। फूड सेफ्टी विभाग के अनुसार लैब रिपोर्ट आने के बाद मौके पर मिली कमियों और रिपोर्ट के आधार पर नियमों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने स्कूल प्रबंधन और मिड-डे मील स्टाफ को भोजन की सफाई, उचित स्टोरेज और व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए।