नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर की 73.60 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति नशा तस्करी से अर्जित कथित अवैध आय से बनाई गई थी। डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस जांच के आधार पर दलजीत सिंह उर्फ सिकंदर निवासी गुरु राम दास नगर, मोगा की संपत्ति को फ्रीज करने के संबंध में आदेश जारी किया गया था। सक्षम प्राधिकारी के आदेश के तहत दलजीत सिंह उर्फ सिकंदर की 73.60 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि उक्त संपत्ति नशा तस्करी से अर्जित कथित अवैध कमाई से बनाई गई थी। संपत्ति फ्रीज होने के बाद अब सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना इसे बेचने, किसी अन्य व्यक्ति के नाम हस्तांतरित करने या किसी भी अन्य तरीके से इसका लेन-देन करने पर रोक रहेगी। मोगा पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ-साथ तस्करी के जरिए अर्जित की गई कथित अवैध संपत्तियों की भी पहचान की जा रही है। ऐसी संपत्तियों को कानून के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।