फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रतिबंधित सामान की मौजूदगी का पता लगाने के लिए जिला पुलिस ने रविवार तड़के व्यापक तलाशी अभियान चलाया। एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा निर्देश और एसपी जसप्रीत सिंह के नेतृत्व में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने जेल की बैरकों और कैदियों के सामान की बारीकी से जांच की। इस दौरान जेल के आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी ली गई। जेलों में मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर जांच की। अभियान के दौरान प्रत्येक बैरक को खंगाला गया, ताकि जेल के भीतर किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से समय-समय पर जेल में औचक तलाशी अभियान चलाए जाते हैं। रविवार को चलाए गए अभियान का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के साथ कैदियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी देना भी था। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान फिलहाल कोई प्रतिबंधित सामान बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी कैदी के पास प्रतिबंधित वस्तु मिलने या गैरकानूनी गतिविधि सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।