नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कीरतपुर साहिब पुलिस ने एक युवक को 148.5 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को सहायक थानेदार गुरमीत सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त के लिए कीरतपुर साहिब से बुंगा साहिब की ओर जा रहे थे। हरदोनिमोह गांव के पास लेयर प्राइमरी स्कूल के नजदीक पुलिस टीम को सामने से एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और हाथ में पकड़ा मोमी लिफाफा झाड़ियों के पास जमीन पर फेंककर पीछे बुंगा साहिब की ओर जाने लगा। पुलिस टीम ने युवक को काबू कर उसकी पहचान गुरकीरत सिंह उर्फ वंश, पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी अंब वाला चौक, कीरतपुर साहिब के रूप में की। पुलिस ने झाड़ियों के पास फेंके गए लिफाफे की जांच की तो उसमें से 148.5 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। मामले में थाना कीरतपुर साहिब में एफआईआर नंबर 147, दिनांक 25 सितंबर 2026 को धारा 22-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की जांच सहायक थानेदार पवनदीप सिंह द्वारा की जा रही है।