शहर में नाले की सफाई के नाम पर दुकानदारों को अपने थड़े (दुकानों के आगे बने चबूतरे) खुद तोड़ने की ताकीद किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत सिंह ने एकता भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान नगर निगम की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे निगम के लिए अच्छी बात नहीं बताया। विधायक राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि यदि नालों की सफाई और शहर के विकास के लिए नगर निगम के पास करोड़ों रुपये के फंड उपलब्ध हैं तो उनका उचित इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दुकानदारों पर थड़े खुद तोड़ने का दबाव बनाने के बजाय निगम को उपलब्ध संसाधनों और फंड का इस्तेमाल करते हुए उचित व्यवस्था करनी चाहिए। बताया गया कि नगर निगम की ओर से श्री सत्यनारायण मंदिर चौक से अमृतसर चुंगी तक दुकानदारों को मुनादी करवाकर अपने थड़े खुद तोड़ने की ताकीद की गई है। निगम की इस कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में भी चर्चा का माहौल है। वहीं, कांग्रेसी पार्षदों को नोटिस भेजे जाने का मामला भी गरमा गया है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने भी आपत्ति जताई है। विधायक राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि इस कार्रवाई के नाम पर कांग्रेस शहरी प्रधान दीपक सलवान को टारगेट किया जा रहा है, लेकिन वह दीपक सलवान समेत हर पार्षद व कांग्रेसी नेता के साथ खड़े हैं। विधायक राणा गुरजीत सिंह के नेतृत्व में इस पूरे मामले को लेकर डिप्टी कमिश्नर कपूरथला आकाश बांसल से मुलाकात कर स्थिति से अवगत करवाया गया और मामले में उचित कार्रवाई की मांग उठाई गई। विधायक ने कहा कि शहर के विकास और सफाई व्यवस्था के लिए सभी पक्षों को साथ लेकर चलना जरूरी है। निगम की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि दुकानदारों और शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।