कंडी क्षेत्र के गांव वह मावा निवासी युवा निशानेबाज नीरज कुमार पुत्र सेवानिवृत्त कैप्टन रविंदर सिंह ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इवेंट में 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन (3पी) स्पर्धा में रजत पदक जीतकर कंडी क्षेत्र तलवाड़ा, जिला होशियारपुर और पंजाब सहित पूरे देश का नाम रोशन किया है। नीरज की इस उपलब्धि से उनके गांव और कंडी क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा खेल प्रेमियों की ओर से उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं। नीरज कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय पहलवान निर्मल सिंह आसफपुर की ओर से पदक विजेता नीरज कुमार के साथ उनके पिता सेवानिवृत्त कैप्टन रविंदर सिंह और माता ललिता देवी को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नीरज के परिवार को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया गया। अंतरराष्ट्रीय पहलवान निर्मल सिंह और पूर्व सरपंच प्रदीप ठाकुर ने कहा कि नीरज कुमार ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर एशियन गेम्स में रजत पदक हासिल कर न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि कंडी क्षेत्र, जिला होशियारपुर, पंजाब और देश का गौरव भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों वाले कंडी क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में पदक हासिल करना अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।