ब्लॉक ममदोट के सीमावर्ती गांवों के किसानों ने इस बार मटर की फसल की बिजाई करने के बजाय लहसुन की खेती को प्राथमिकता दी है। किसानों का कहना है कि मटर की फसल से अपेक्षाकृत कम आमदनी होती है। इसके अलावा मटर को लंबे समय तक स्टोर करके रखना भी संभव नहीं है, जबकि लहसुन की खेती अधिक मुनाफे का सौदा साबित हो रही है। किसान जसविंदर सिंह ने बताया कि लहसुन की खेती से अच्छी कमाई होती है। इसकी खासियत यह है कि इसे पूरे साल घर में स्टोर करके रखा जा सकता है और बाजार में मांग के अनुसार बेचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के करीब 50 प्रतिशत रकबे में किसान इस बार लहसुन की बिजाई कर रहे हैं। उसने पांच एकड़ में लहसुन की बिजाई की है। किसान शिंगारा सिंह ने बताया कि पिछले साल उसने एक एकड़ में लहसुन की खेती की थी, लेकिन इस बार रकबा बढ़ाकर पांच एकड़ कर दिया है। वहीं, किसान मलूक सिंह ने बताया कि उसने सवा एकड़ जमीन में लहसुन की बिजाई की है। लहसुन को पूरे साल बाजार में बेचने की सुविधा होने के कारण किसानों का रुझान इसकी खेती की ओर बढ़ रहा है।