भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां ने शाहपुर कलां में एक गरीब मजदूर परिवार के मकान की कुर्की के आदेशों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन के कड़े रुख और किसानों-मजदूरों के भारी रोष को देखते हुए प्रशासन व बैंक अधिकारी कुर्की करने नहीं पहुंचे । यूनियन के सुनाम ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह तोलावाल और प्रेस सचिव सुखपाल सिंह माणक कनकवाल ने बताया कि शाहपुर कलां निवासी सुखविंदर कौर पत्नी जगसीर सिंह ने वर्ष 2022 में अपने मकान को गिरवी रख बैंक से कर्ज लिया था। घर की आर्थिक तंगी और मजबूरियों के कारण कुछ किस्तें चूक गईं। इसके बाद प्रशासन द्वारा गरीब परिवार के मकान की कुर्की के आदेश जारी कर दिए गए।जैसे ही बीकेयू (उगराहां) को कुर्की की भनक लगी, संगठन के बैनर तले आसपास के गांवों के किसान और मजदूर मौके पर एकत्र हो गए और उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों के इस विशाल जमावड़े और विरोध को देखते हुए कुर्की की कार्रवाई करने वाला कोई भी अधिकारी मौके पर आने की हिम्मत नहीं जुटा सका।प्रदर्शन के दौरान यूनियन नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि कर्ज न चुका पाने की एवज में किसी भी किसान या मजदूर का मकान या जमीन नीलाम नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन ऐसे जनविरोधी फैसलों के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहेगा।इस विरोध प्रदर्शन में बलजीत सिंह मॉडल टाउन, साहपुर कलां इकाई के सदस्यों सहित आसपास के 5 से 6 गांवों के किसान व मजदूर बड़ी संख्या में शामिल हुए।