कोटकपूरा में रविवार को सभी सरकारी बैंक खुले रहे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल के आह्वान और इससे पहले बैंक की छुट्टियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 27 सितंबर को रविवार होने के बावजूद बैंक खोलने के निर्देश दिए थे। इसके चलते लोगों ने सामान्य दिनों की तरह बैंकिंग सेवाओं का लाभ लिया। जानकारी के अनुसार, बैंक कर्मचारियों की ओर से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया गया है। 26 और 27 सितंबर की छुट्टियों के बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल होने के कारण बैंक लगातार पांच दिन बंद रहने की स्थिति बन रही थी। इसी को देखते हुए रविवार को बैंक खोले गए। करीब 10 साल बाद सरकारी बैंक रविवार को खुले हैं। इससे पहले नवंबर 2016 में नोटबंदी के दौरान लोगों की सुविधा के लिए रविवार को बैंक खोले गए थे। व्यापारी प्रदीप मित्तल सहित अन्य कारोबारियों ने रविवार को बैंक खोलने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग पर विचार किया जा सकता है, लेकिन छुट्टियां लगातार शनिवार और रविवार को रखने के बजाय किसी अन्य दिन की जाएं, ताकि बैंक लगातार दो दिन बंद न रहें और लोगों को परेशानी न हो।