स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा विंग की टीम ने शनिवार सुबह सेक्टर-31 सी स्थित बूथ मार्केट में एक थोक सप्लायर के यहां छापेमारी की। टीम सुबह करीब 5:30 बजे मार्केट पहुंची और दही, दूध, क्रीम और पनीर के सैंपल जांच के लिए लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, शिकायत और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना थी कि संबंधित सप्लायर डेराबस्सी स्थित अपनी फैक्टरी में पनीर, दही और क्रीम तैयार करवाकर चंडीगढ़ में सप्लाई करता है। टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में किसी तरह की मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।