तरनतारन के नजदीकी गांव फतेहाबाद में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक टीवी शोरूम को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली चलाने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात के बाद शोरूम के आसपास दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि फायरिंग की इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार गांव फतेहाबाद स्थित *खुराना टीवी शोरूम* पर गुरुवार को दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों ने शोरूम की ओर फायरिंग की और इसके बाद तेजी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई। सब-डिवीजन श्री गोइंदवाल साहिब के डीएसपी हरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने शोरूम के अंदर और आसपास के क्षेत्र की जांच की तथा घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।