फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरीदकोट में चन्नी का AAP सरकार पर हमला, कानून-व्यवस्था और नशे पर घेरा

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी जवानी संभाल साइकिल यात्रा के जरिए लोगों के बीच पहुंचकर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरने में जुटे हैं। सोमवार को फरीदकोट जिले में यात्रा के दौरान चन्नी ने नशे, गैंगस्टरवाद, कारोबारियों की सुरक्षा और पंजाब की आर्थिक स्थिति को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। यात्रा के तहत चन्नी ने फरीदकोट,कोटकपूरा व जैतो विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर लोगों से मुलाकात कर उन्हें संबोधित किया। इसके अलावा जनसभाओं के दौरान उन्होंने पंजाब को बचाने के लिए कांग्रेस के पक्ष में एकजुट होने की अपील की। उन्होंने गांव संधवां में पहुंच कर पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह की यादगार पर नमन किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए चन्नी ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना भी है। उन्होंने दावा किया कि अलग-अलग इलाकों में लोगों ने नशे की खुलेआम बिक्री को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। उनके मुताबिक नशे की समस्या अब घर-घर तक पहुंच चुकी है। कारोबारी वर्ग की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए चन्नी ने कहा कि पंजाब में बढ़ते गैंगस्टरवाद ने व्यापारियों के मन में भय पैदा कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि फोन की घंटी बजने पर भी व्यापारी यह सोचकर घबरा जाते हैं कि कहीं फिरौती मांगने के लिए किसी गैंगस्टर का फोन तो नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग के विकास के लिए सुरक्षित माहौल जरूरी है, लेकिन मौजूदा हालात में व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर आरोप लगाया कि पंजाब के लोगों ने बड़े बदलाव की उम्मीद के साथ सत्ता सौंपी थी, लेकिन सरकार पंजाब के हितों के बजाय दिल्ली के नेताओं के निर्देशों पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों ने राज्य की आर्थिक स्थिति को और कमजोर किया है। चन्नी ने कांग्रेस की वापसी का भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर नशे के खात्मे के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार कर पंजाब को मौजूदा चुनौतियों से बाहर निकालने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर विधायक राणा गुरजीत सिंह, पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों किक्की ढिल्लों, अजयपाल सिंह संधू, दर्शन सिंह ढिलवां सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें