जिला पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को साले के साथ कुरुक्षेत्र से दबोचा, जीजा-साले की जोड़ी ने की अमानत में खयानत, थाना सिटी में केस दर्ज आरोपियों ने कोठी से एक एलसीडी, स्कूटी, फ्रिज, पीतल के बर्तन, क्रॉकरी, एक एसी, कपड़े, कूलर, गैस सिलेंडर, विदेशी कपड़े और चांदी की एक शील्ड समेत अन्य सामान चुराया **कपूरथला: कपूरथला के डीसी चौक के नजदीक एक घर में करीब 15 साल से खाना बनाने का काम कर रहा नौकर घर से कीमती सामान चोरी कर परिवार और साले समेत फरार हो गया। थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता तेजिंदर सिंह पुत्र गुरबख्श सिंह निवासी गांव निज्जरा, थाना लांबड़ा, जिला जालंधर के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार, प्रकाश सिंह पुत्र सुधामा सिंह निवासी मोहल्ला अमन नगर, डीसी चौक के नजदीक कपूरथला, जो मौजूदा समय में तेरी, जिला उत्तराखंड का रहने वाला बताया गया है, उनके यहां करीब 15 वर्षों से खाना बनाने का काम कर रहा था। शिकायत के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को वह राजबीर सिंह निवासी मोहल्ला जट्टपुरा के साथ बलजीत सिंह के घर डीसी चौक कपूरथला पहुंचे। घर के अंदर जाकर देखा तो प्रकाश सिंह अपने परिवार और साले समेत वहां से गायब था। जब घर का सामान चेक किया गया तो एक एलसीडी, स्कूटी, फ्रिज, पीतल के बर्तन, क्रॉकरी, एक एसी, कपड़े, कूलर, गैस सिलेंडर, विदेशी कपड़े और चांदी की एक शील्ड सहित अन्य सामान गायब मिला। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि प्रकाश सिंह उक्त सामान चोरी कर कार सहित अपने साले के घर की ओर फरार हो गया। एसएसपी ने बताया कि थाना सिटी की पुलिस टीम घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पीछा कर रही थी। पुलिस टीम ने 24 घंटे की लगातार मेहनत के बाद आरोपी जीजा-साले को कुरुक्षेत्र से दबोच लिया। थाना सिटी की पुलिस ने बहुत बढ़िया काम किया है। आरोपियों से चोरी किया लगभग सारा सामान बरामद कर लिया है। इस मौके पर एसपी-डी हरिंदर सिंह गिल, एएसपी धीरेंद्र वर्मा, सीआईए इंचार्ज रमन कुमार, एसएचओ सुल्तानपुर लोधी दविंदरपाल सिंह व चौकी मोठांवाल इंचार्ज एएसआई पाल सिंह व अन्य मौजूद थे।