मोगा टेबल टेनिस क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय चौथे स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ मालविका सूद ने किया। प्रतियोगिता में पंजाब के अलग-अलग जिलों से करीब 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 23 जिलों से पहुंचे खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मौके पर मालविका सूद ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी पर्याप्त समय देना चाहिए। खेलों में भाग लेने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे सकारात्मक गतिविधियों से जुड़े रहते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करें। आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेलों से जोड़ना और उन्हें बुरी संगत तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। मोगा में इस स्तर के स्टेट रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन शहर के खेल इतिहास के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, मोगा में आयोजित इस स्टेट लेवल टेबल टेनिस टूर्नामेंट को लेकर बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर खिलाड़ियों और बच्चों को खेलों से जुड़ने तथा बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।