फरीदकोट जिला पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए लूटपाट की एक बड़ी वारदात को नाकाम करते हुए संगठित अपराध से जुड़े चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल (.30 बोर जुगाना और 9 एमएम ग्लॉक) तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक अपराधी के सीधे संपर्क में थे और उसके इशारे पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोटकपूरा निवासी आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश, लवप्रीत सिंह उर्फ गब्बर, जसकरण सिंह उर्फ काकू और गगनदीप सिंह उर्फ गगन के रूप में हुई जिनके खिलाफ थाना सादिक में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा निर्देश पर एएसआई गुरबचन सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के सिलसिले में मुक्तसर रोड पर सादिक चौक से करीब 100 मीटर आगे मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि उक्त चारों युवक एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ सादिक की अनाज मंडी में शेड के नीचे बैठे हैं और रात के समय राहगीरों से लूटपाट करने की योजना बना रहे हैं। उनके पास घातक हथियार और पिस्तौल भी हैं।बसूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और चारों युवकों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक .30 बोर जुगाना पिस्टल सहित दो कारतूस और एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल सहित दो कारतूस बरामद हुए। इस मामले में डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे अन्य आपराधिक वारदातों का भी खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया है कि इनमें 2 आरोपियों आकाशदीप सिंह और लवप्रीत सिंह के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं के तहत 10 मामले दर्ज हैं।