फरीदकोट में पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण से पर्यावरण को बचाने के उद्देश्य से डॉ. महेंद्र बराड़ सांभी पीएम श्री सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल फरीदकोट की छात्राओं ने शहर में जागरूकता मार्च निकाला। इस दौरान 1180 छात्राओं और 50 अध्यापकों ने भाग लेकर लोगों को पराली प्रबंधन अपनाने का संदेश दिया।डीसी राहुल चाबा के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस जागरूकता अभियान को जिला नोडल अधिकारी एवं स्कूल प्रिंसिपल मनिंदर कौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखे पोस्टर और तख्तियां लेकर शहर के प्रमुख चौकों, बाजारों, गलियों और दुकानों तक पहुंचकर लोगों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने पराली संभालो, हवा बचाओ और पराली आग नहीं, आमदनी का स्रोत है जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने दिन त्योहारों पर पटाखों से परहेज करने का भी आह्वान किया। कृषि विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. गुरप्रीत सिंह ने कहा कि पराली का वैज्ञानिक प्रबंधन किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का साधन बन सकता है।