अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्री की जेब से नकदी चुराने के आरोप में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी से 32 बोर की पिस्टल और मैगजीन, जबकि दूसरे से 20 कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों से कुल 50 हजार रुपये की नकदी भी मिली है। आरोपी जिला गुरदासपुर के धारीवाल के रहने वाले हैं। जीआरपी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, तीन नवंबर को पुलिस टीम अमृतसर रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर, टिकट खिड़की और प्रतीक्षालय में संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चोरी के संदेह में दो युवकों को काबू किया गया। पुलिस का आरोप है कि इनमें से एक ने यात्री की जेब से करीब 29 हजार रुपये निकाले थे। तलाशी के दौरान एक आरोपी से 32 हजार रुपये और दूसरे से 18 हजार रुपये बरामद हुए। दोनों आरोपियों को चार नवंबर को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पांच नवंबर को जारी प्रेस नोट के मुताबिक, रिमांड अवधि पूरी होने पर दोनों को दोबारा अदालत में पेश किया जा रहा है।