दशहरे के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर के तीनों जोन में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देश पर निकाले गए फ्लैग मार्च का नेतृत्व डीसीपी स्तर के अधिकारियों ने किया। इसमें एडीसीपी, एसीपी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों, बाजारों और दशहरा समारोहों वाले स्थानों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान बाजारों में अतिक्रमण भी हटाया गया। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। पुलिस ने दशहरा समारोहों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात सुचारू रखने और शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।