कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर की ओर से नशे के हॉटस्पॉट वाले विभिन्न इलाकों में विशेष घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल आईपीएस ने अनगढ़ पहुंचकर अभियान का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस के सभी डीसीपी ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर निगरानी की। डीसीपी स्थानीय आकर्षी जैन ने थाना सी डिवीजन के गुजरपुरा, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन प्रभजोत सिंह विरक ने थाना मकबूलपुरा के मकबूलपुरा क्षेत्र, डीसीपी सिटी जसकिरणजीत सिंह ने थाना कैंटोनमेंट के ग्वालमंडी और गुमटाला, डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर रविंदरपाल सिंह संधू ने थाना गेट हकीमां के अनगढ़ तथा डीसीपी ऑपरेशन जुगराज सिंह क्लेर ने थाना मजीठा रोड के करमपुरा और फैजपुरा इलाकों में अभियान की निगरानी की। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी पुलिसकर्मी की नशा तस्करों के साथ मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा और मिसाल कायम करने वाली सजा दी जाएगी। युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर पुलिस की ओर से नशे से दूर रखने और युवाओं की खेलों में रुचि बढ़ाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत इलाकों में खाली पड़ी जगहों की सफाई करवाकर वहां खेलों के लिए नेट सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। पुलिस का मानना है कि खेल युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन की भावना भी विकसित करते हैं।