कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 140 मामलों में बरामद किए गए नशीले पदार्थ को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देश पर गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, कमेटी में डीसीपी इन्वेस्टिगेशन प्रभजोत सिंह विर्क, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जयंत पुरी और एसीपी इन्वेस्टिगेशन कपिल कौशिक सहित पुलिस टीम शामिल रही। टीम ने 30 सितंबर को खन्ना पेपर मिल में अपनी निगरानी में जब्त नशीले पदार्थ को बॉयलर में डालकर नष्ट किया। पुलिस द्वारा नष्ट किए गए माल में 58 किलो 618 ग्राम हेरोइन, 69,157 नशीले कैप्सूल, 328 किलो 393 ग्राम नशीला पाउडर, 11 किलो 710 ग्राम भुक्की, 651 ग्राम स्मैक, 6 किलो 840 ग्राम चरस, 70 नशीले इंजेक्शन और 90 ग्राम गांजा शामिल है। पुलिस ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बरामद माल को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में नष्ट किया गया।