अमृतसर के ऐतिहासिक दुर्गियाना तीर्थ स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में विश्व प्रसिद्ध लंगूर मेले के तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगा रहा। लाल और सुनहरी पोशाक पहने छोटे-छोटे लंगूरों के रूप में सजे बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। मेले के दौरान श्रद्धालु मंदिर में माथा टेककर बजरंगबली का आशीर्वाद लेते नजर आए। कई श्रद्धालु ढोल की थाप पर नाचते और भक्ति में लीन होकर जयकारे लगाते दिखाई दिए। मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। लंगूर मेले में बच्चे लंगूरों की विशेष वेशभूषा धारण कर परंपरा निभाते हैं। मान्यता के अनुसार, श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर या संतान प्राप्ति की कामना के साथ हनुमान जी के दरबार में माथा टेकते हैं और बच्चों को लंगूर के रूप में सजाकर मंदिर में लेकर आते हैं। नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले इस मेले में अमृतसर के अलावा पंजाब के विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। हर साल की तरह इस बार भी मंदिर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल और धार्मिक गतिविधियां जारी हैं।