अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बुधवार को नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस ने तीन अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 पिस्तौल, 3.267 किलो हेरोइन और 22 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि थाना डी-डिवीजन और थाना छेहरटा में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल थे। पुलिस अब पूछताछ के जरिए हथियार और हेरोइन की सप्लाई के स्रोत का पता लगा रही है। उन्होंने बताया कि जांच में विदेश में बैठे हैंडलरों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करी और अवैध हथियारों के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।