नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अमृतसर पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ा कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर वाल्मीकि मोहल्ला, अनगढ़ और शेखां बाजार समेत कई इलाकों को सुबह-सवेरे घेरकर घरों और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस को नशे की सामग्री और शराब बरामद हुई है। ऑपरेशन की अगुवाई डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर रविंदरपाल सिंह ने की। उनके साथ एडीसीपी सिटी-1, एसीपी सेंट्रल, गेट हकीमां और डी-डिवीजन के एसएचओ समेत करीब 150 पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अलग-अलग टीमों में बांटकर पुलिस ने पूरे इलाके की चेकिंग की। पुलिस ने पहले इलाका सील किया और इसके बाद घरों व संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। डीसीपी के मुताबिक, नशा तस्करी के शक में करीब 10 से 11 लोगों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया है। इसके अलावा 8 से 10 संदिग्ध वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। इनमें कुछ वाहनों के नंबर अथवा दस्तावेज पूरे नहीं पाए गए, जिसके चलते उनकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। कुछ लोगों ने बताया कि इलाके में पहले की तुलना में नशे का कारोबार कम हुआ है। हालांकि पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। डीसीपी रविंदरपाल सिंह ने कहा कि बरामदगी और राउंडअप किए गए लोगों की पूरी वेरिफिकेशन के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।