फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीहोर में रफ्तार का कहर: 30 ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली झरखेड़ा के पास पलटी, मची चीख-पुकार

Mon, 16 Nov 2026 05:17 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

जिले के इछावर क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। हरसपुर में आयोजित रसोई कार्यक्रम से खुशियां मनाकर घर लौट रहे करीब 30 ग्रामीण अचानक सड़क हादसे का शिकार हो गए। झरखेड़ा के पास ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में करीब 30 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इछावर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया।

जानकारी के अनुसार इछावर क्षेत्र के पालखेड़ी गांव से करीब 30 ग्रामीण हरसपुर में आयोजित रसोई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। ग्रामीणों को अंदाजा भी नहीं था कि घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में इतना बड़ा हादसा उनका इंतजार कर रहा है।

ये भी पढ़ें- छठ पर बुझ गया चिराग: पटना एक्सप्रेस में चार वर्षीय मासूम की मौत, जीआरपी ने गांव भिजवाया शव

झरखेड़ा के पास बिगड़ा संतुलन, सड़क पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली
वापसी के दौरान जैसे ही वाहन झरखेड़ा के पास पहुंचा, चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वाहन में बड़ी संख्या में लोग सवार थे, जिसके चलते पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए हादसे में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर आसपास से गुजर रहे लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े।

एक साथ 30 घायलों के पहुंचने से अस्पताल में मचा हड़कंप
दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल इछावर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है। हादसे में करीब 30 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया। फिलहाल सभी घायलों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार के चलते चालक का वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे या नहीं, यह भी जांच का विषय है। मामले में एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचवाया। ट्रैक्टर-ट्रॉली किन परिस्थितियों में और किस कारण पलटी, इसकी जांच की जा रही है।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें