फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सियासत: 'मैच फिक्सिंग वाले चुनाव से कैसे बनेगा देश का भविष्य?', पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा

Fri, 25 Sep 2026 05:11 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार रात परिवार सहित सीहोर के प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने चुनाव प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग और भाजपा को लेकर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए।

‘मैच फिक्सिंग’ के सवाल पर साधा निशाना
पटवारी ने राहुल गांधी द्वारा चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने देश के सामने सच्चाई रखने का काम किया है। अब देश की जनता को तय करना है कि कथित ‘मैच फिक्सिंग’ वाले चुनावों से देश का भविष्य बनेगा या लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही कायम रखने वाली राजनीति से।

लोकतंत्र और संविधान पर उठाया सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सवाल केवल किसी एक चुनाव का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान में जनता के भरोसे का है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनावी प्रक्रिया को लेकर संदेह पैदा होते हैं तो क्या देश का लोकतंत्र मजबूत रह पाएगा। पटवारी ने कहा कि इन सवालों का जवाब सत्ता और निर्वाचन व्यवस्था को देना चाहिए।

ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू, निजी ऑपरेटर चलाएंगे बसें; सरकार करेगी निगरानी, जानें क्या हैं खास

मंगलवार को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन
पटवारी ने कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान करते हुए कहा कि मंगलवार को मध्य प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालयों और निर्वाचन कार्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर सरकार और निर्वाचन तंत्र के सामने अपना विरोध दर्ज कराएगी।

भोपाल में जुटेंगे प्रदेशभर के कार्यकर्ता
उन्होंने बताया कि सोमवार को प्रदेशभर से कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय एवं मुख्य निर्वाचन कार्यालय पहुंचेंगे। यहां चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। पटवारी ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और उनके इस्तीफे की मांग भी उठाई।

डॉ. आंबेडकर की तस्वीर हटाने पर भी हमला
सीहोर के पीजी कॉलेज से डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर हटाए जाने के सवाल पर पटवारी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे महापुरुषों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति में नफरत और विभाजन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

‘जनता सब देख रही है’
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर संस्थागत स्तर तक संघर्ष करेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता चुनावी प्रक्रिया से जुड़े पूरे घटनाक्रम को देख रही है और लोकतंत्र से जुड़े सवालों का जवाब समय आने पर देगी। उनके बयान के बाद सीहोर की राजनीति में चुनावी पारदर्शिता का मुद्दा एक बार फिर केंद्र में आ गया है। पटवारी के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव, विवेक राठौर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें