सीहोर-श्यामपुर मार्ग की जर्जर हालत के विरोध में रविवार शाम कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने क्षतिग्रस्त सड़क पर फूल-मालाएं चढ़ाईं, पुष्प अर्पित किए और अगरबत्ती जलाकर दो मिनट का मौन रखा। कांग्रेस ने प्रतीकात्मक रूप से सड़क को मृत घोषित करते हुए मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के अधिकारियों पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
निर्माण के एक महीने बाद ही बिगड़ने लगी थी हालत
पंकज शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण के समय एफडीआर तकनीक के इस्तेमाल और बेहतर गुणवत्ता के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन निर्माण के करीब एक महीने बाद ही सड़क उखड़ने लगी थी। धीरे-धीरे मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए और अब इसका बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- सिंगरौली में विकास के दावे फेल: मरीज के लिए खाट बनी एंबुलेंस!, डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर सड़क तक पहुंचे परिजन
बुजुर्ग महिला की मौत का मुद्दा उठाया
कांग्रेस नेताओं ने चार दिन पहले इसी मार्ग पर हुए हादसे का भी जिक्र किया। पंकज शर्मा के अनुसार, सड़क के गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कांग्रेस ने निर्माण से लेकर रखरखाव तक की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान शर्मा ने सड़क की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि सीहोर-श्यामपुर मार्ग पर इतने गड्ढे हैं कि शायद चांद पर भी इतने नहीं होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई और सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी।प्रदर्शन में पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश दरोठिया, कांग्रेस नेता आसिफ अंसारी, राजेश रैकवाल, विवेक टांक, आर्यन भैरवे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।