मध्य प्रदेश के सतना में नल फिटिंग को लेकर शुरू हुआ पड़ोसियों का विवाद आगजनी तक पहुंच गया। कोलगवां थाना क्षेत्र की हवाई पट्टी स्थित गोपाल कॉलोनी में मो. हाकिम के घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गई। घटना में एक युवक के सिर पर चोट आई है।
पुलिस के मुताबिक, मो. हाकिम और उनके पड़ोसी अरुण चौधरी के बीच सोमवार सुबह से नल फिटिंग को लेकर विवाद चल रहा था। दिनभर दोनों पक्षों के बीच तनातनी बनी रही। आरोप है कि इसी विवाद के चलते रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अरुण चौधरी ने मो. हाकिम के घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी।
पढ़ें: कूनो से निकलकर राजस्थान होते हुए गुना के जंगल में पहुंचा चीता, वन विभाग ने करवाई मुनादी
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। आगजनी के दौरान एक युवक के सिर पर चोट आई है। घटना के बाद कॉलोनी में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत कोलगवां थाने में की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। साथ ही विवाद के कारणों और आगजनी के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।